
स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार |
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा में अखिलेश यादव शामिल, रोहिणी आचार्या हुई जीप पर सवार
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले वोटर लिस्ट रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की यात्रा का आज (शनिवार, 30 अगस्त) 14वां दिन है। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा में आज समाजवादी पार्टी प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी जुड़ गए। राहुल-तेजस्वी की यात्रा छपरा (सारण) के एकमा से शुरू होकर भोजपुर की ओर बढ़ रही है। आरा में दोपहर में जनसभा होगी। एकमा में जीप पर राहुल, तेजस्वी और अखिलेश के साथ आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भी मौजूद थीं।
सारण के एकमा स्थित आमदाढी के कर्णपुरा ब्रह्मस्थान में शुक्रवार रात राहुल गांधी ने विश्राम किया। सुबह 7:45 बजे यात्रा शुरू होनी थी, लेकिन यह करीब एक घंटे की देरी से निकली। भोजपुर जिले में यह यात्रा बबुरा से आरा तक लगभग 30 किमी की होगी। आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में जनसभा होगी, जहां राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव संबोधन देंगे। बबुरा में स्वागत की तैयारी के तहत हाथी, घोड़े और ऊंट खड़े किए गए हैं। पारंपरिक गोड़ नाच समेत अन्य प्रस्तुतियों के साथ नेताओं का स्वागत किया जाएगा।
वोटर अधिकार यात्रा भोजपुर की सात में से दो विधानसभा सीटों बड़हरा और आरा से होकर गुजरेगी। इन दोनों सीटों पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है। इस बार महागठबंधन में कांग्रेस ने यहां से चुनाव लड़ने का दावा किया है। ऐसे में राहुल गांधी का दौरा रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पिछली बार बड़हरा से राजद और आरा से सीपीआई (माले) ने गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ा था।