
मनोरंजन डेस्क, श्रेयांश पराशर |
Bigg Boss 19 की ग्रैंड ओपनिंग: 16 कंटेस्टेंट्स ने रखा घर में कदम, सलमान खान ने किया धमाकेदार आगाज़...
24 अगस्त 2025 की रात दर्शकों के लिए बेहद खास रही, जब सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो Bigg Boss 19 का ग्रैंड प्रीमियर हुआ। इस बार शो का थीम है "लोकतंत्र", और 16 कंटेस्टेंट्स ने बिग बॉस के घर में एंट्री ली है। सलमान खान ने हमेशा की तरह शो की शुरुआत एक ग्रैंड स्टाइल में की बाइक पर एंट्री लेते हुए उन्होंने घर और दर्शकों से बातचीत की।
कंटेस्टेंट्स की झलक:
इस बार घर में कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। ‘अनुपमा’ फेम गौरव खन्ना ने शो में एंट्री की है, वहीं सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर अमल मलिक ने अपनी सुरीली आवाज़ में गाते हुए एंट्री लेकर दर्शकों का दिल जीत लिया। अमल ने सलमान को अपना "लकी चार्म" भी बताया। टीवी और फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस कुनिका सदानंद भी घर में पहुंची हैं। कश्मीर से ताल्लुक रखने वाली मॉडल फरहाना भट्ट और भोजपुरी अदाकारा नीलम गिरी ने भी इस सीजन में कदम रखा है।
इसके अलावा मराठी-हिंदी टीवी एक्टर प्रणित मोरे, स्पिरिचुअल इन्फ्लुएंसर तान्या मित्तल, सोशल मीडिया स्टार्स अवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर, मिस इंडिया फाइनलिस्ट नेहल चुडासमा, पोलैंड की एक्ट्रेस- मॉडल नतालिया जानोसजेक, यूट्यूबर मृदुल तिवारी, बसीर बॉब और अभिषेक बजाज जैसे नाम भी इस सीजन को और रोमांचक बनाएंगे।
सलमान के साथ मंच पर मस्ती:
प्रीमियर एपिसोड में सलमान खान ने स्टेज पर कई कंटेस्टेंट्स से मजेदार बातचीत की। मृदुल तिवारी और शहनाज गिल के भाई शहबाज के बीच लाइव वोटिंग कराई गई, जिसमें जनता ने मृदुल को घर में भेजने का फैसला किया। वहीं शहबाज ने अपने अंदाज़ से सबको खूब हंसाया।
शो की अवधि और बदलाव:
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार Bigg Boss 19 बाकी सीज़न्स से लंबा चलने वाला है। शो की अवधि लगभग 5 महीने हो सकती है। पहले तीन महीने सलमान खान शो को होस्ट करेंगे, उसके बाद होस्ट बदले जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
क्यों है यह सीजन खास?
कंटेस्टेंट्स की विविधता इस बार शो को और दिलचस्प बना रही है। टीवी सितारों से लेकर म्यूजिकल टैलेंट्स, इन्फ्लुएंसर्स से लेकर इंटरनेशनल मॉडल्स तक का तड़का दर्शकों को हर दिन नए एंटरटेनमेंट का डोज़ देने वाला है।