
हैदराबाद , श्रेयांश पराशर |
मिस वर्ल्ड 2025 का आयोजन इस बार भारत के हैदराबाद में हुआ, जहां थाईलैंड की सुचाता चुआंगस्री ने सभी प्रतियोगियों को पछाड़ते हुए मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम किया।
72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन 2025 में भारत के हैदराबाद स्थित हिटेक्स एग्ज़िबिशन सेंटर में बेहद भव्यता के साथ हुआ। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में 110 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतियोगियों ने अपने देश का प्रतिनिधित्व पूरे आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और सामाजिक सरोकारों के साथ किया, लेकिन अंत में थाईलैंड की 22 वर्षीय सुचाता चुआंगस्री ने सभी को पीछे छोड़ते हुए विश्व सुंदरी का ताज अपने नाम किया।
सुचाता, जिन्हें लोग प्यार से “ओपल” कहते हैं, का जन्म 20 मार्च 2003 को थाईलैंड के खूबसूरत शहर फुकेत में हुआ था। वह थामसैट यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल रिलेशन की छात्रा हैं। उन्हें थाई, अंग्रेज़ी और चीनी भाषा का अच्छा ज्ञान है। उनकी बहुभाषी क्षमता और वैश्विक सोच ने उन्हें प्रतियोगिता में एक अलग ही पहचान दी।
सुचाता न केवल खूबसूरती में आगे हैं, बल्कि समाज सेवा में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने “Opal for Her” नामक एक सामाजिक पहल की शुरुआत की, जो महिलाओं में ब्रेस्ट हेल्थ और ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान को लेकर जागरूकता फैलाने का काम करती है। इस मिशन की प्रेरणा उन्हें तब मिली जब मात्र 16 वर्ष की उम्र में उन्हें खुद एक ब्रेस्ट सिस्ट की समस्या हुई थी। उस अनुभव ने उन्हें महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं को गंभीरता से समझने और जागरूकता फैलाने की प्रेरणा दी।
उनकी सुंदरता, समझदारी, सामाजिक योगदान और आत्मीयता ने न केवल जजों को प्रभावित किया, बल्कि उन्हें दुनियाभर के दर्शकों से भी सराहना मिली। मिस वर्ल्ड 2025 के रूप में सुचाता का चुनाव इस बात का प्रतीक है कि आज की मिस वर्ल्ड सिर्फ सुंदर नहीं, बल्कि समाज के प्रति जागरूक और प्रेरणादायक भी होती है।