लोकल डेस्क, आर्या कुमारी।
हसनपुरा: नगर पंचायत हसनपुरा में चेयरमैन बेबी गुप्ता के नेतृत्व एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) के प्रशासनिक प्रबंधन में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 19 वार्डों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, जिससे आम जनता संतुष्ट नजर आ रही है।
नगर पंचायत की ओर से गली-गली पक्की सड़कों का निर्माण, नाला-नाली का निर्माण एवं नियमित सफाई, एलईडी स्ट्रीट लाइट की स्थापना, कचरा प्रबंधन व्यवस्था में सुधार तथा जलनिकासी की समस्या के समाधान से नगर की तस्वीर में उल्लेखनीय बदलाव आया है। सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी किया गया है।
सभी 19 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए गए हैं। पहले जहां जलजमाव, अंधेरा और गंदगी जैसी समस्याएं आम थीं, वहीं अब साफ-सुथरी गलियां, मजबूत सड़कें और रोशनी से जगमगाते रास्ते नागरिक सुविधाओं की नई पहचान बन गए हैं। विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण, सफाई व्यवस्था पर सख्त निगरानी और शिकायतों के त्वरित निपटारे से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हुई है। चेयरमैन और ईओ के बीच बेहतर समन्वय के कारण योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से हो रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र में इंदिरा आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाया गया है। पारदर्शी चयन प्रक्रिया और समय पर सहायता से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विकास कार्य अब केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई से जनता का भरोसा नगर प्रशासन पर और मजबूत हुआ है। नगर पंचायत हसनपुरा की चेयरमैन बेबी गुप्ता ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी 19 वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य कराना प्राथमिकता रही है। सड़क, नाला-नाली, स्ट्रीट लाइट, सफाई और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी और नगर पंचायत की पूरी टीम के सहयोग से योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन संभव हो सका है। आने वाले समय में नगर पंचायत क्षेत्र में और बेहतर सड़कें, आधुनिक सफाई व्यवस्था, बेहतर रोशनी और जनकल्याणकारी योजनाओं को और मजबूत किया जाएगा।







