स्टेट डेस्क, आर्या कुमारी।
भाजपा के वरिष्ठ और नौ बार के विधायक डॉ. प्रेम कुमार को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने उन्हें बधाई दी। गया टाउन से लगातार जीतते आ रहे डॉ. कुमार राज्य के सबसे अनुभवी विधायकों में गिने जाते हैं।
नई सरकार के गठन के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार को निर्विरोध और सर्वसहमति से बिहार विधानसभा का अगला अध्यक्ष घोषित किया गया। जैसे ही परिणाम आया, सदन में “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के नारे गूंजने लगे।
विधानसभा अध्यक्ष बने प्रेम कुमार ने अपने उद्बोधन की शुरुआत भगवद गीता के श्लोक से की। उन्होंने कहा, ‘आप सभी ने सर्वसहमति से मुझे चुना, इसके लिए मैं आभारी हूं। अध्यक्ष के रूप में मेरा दायित्व होगा कि सदन के नियमों का पालन करते हुए सभी सदस्यों के अधिकारों की रक्षा करूं। विचारों के मतभेद के बीच संवाद को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है। हम सभी को जनता की सेवा का अवसर मिला है। मेरे लिए सरकार और विपक्ष दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।’
नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं
चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने स्वयं प्रेम कुमार को अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचाया और बैठाकर बधाई दी। सीएम नीतीश कुमार ने पूरी विधानसभा की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं और सभी नए विधायकों को भी बधाई दी।
तेजस्वी यादव ने किया सम्मान
तेजस्वी यादव ने डॉ. प्रेम कुमार को विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दल और लालू प्रसाद यादव की ओर से भी उन्हें बधाई है। तेजस्वी ने कहा कि प्रेम कुमार ज्ञान और मोक्ष की भूमि से आते हैं, इसलिए उस धरती को भी नमन है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए अध्यक्ष सत्ता और विपक्ष, दोनों को साथ लेकर चलेंगे और अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए किसी को निराश नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष उनके साथ है।
अनुभव और भरोसे का नेतृत्व
गया टाउन से लगातार नौ बार चुनाव जीत चुके डॉ. प्रेम कुमार बिहार की राजनीति में एक भरोसेमंद और प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं। 1990 से लगातार जीत दर्ज करना किसी भी नेता के लिए बड़ी उपलब्धि है, जिससे वे बिहार विधानसभा के सबसे अनुभवी विधायक बनते हैं। 2025 में उन्होंने अपनी तीसरी लगातार जीत भी दर्ज की, जिसने उनकी लोकप्रियता और जनविश्वास को और मजबूत किया।
प्रशासनिक पकड़ और लंबा अनुभव
69 वर्षीय प्रेम कुमार का प्रशासनिक करियर भी अत्यंत प्रभावशाली रहा है। उन्होंने कृषि, पशुपालन, पर्यटन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों का सफल नेतृत्व किया है।
2025 में भी दमदार जीत
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में, भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रेम कुमार ने गया टाउन सीट पर निर्णायक जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के अखौरी ऑनकार नाथ को 26,423 वोटों से मात दी। उन्हें कुल 90,878 वोट मिले, जिससे उनका इस सीट पर सबसे लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं में स्थान और मजबूत हो गया। 2025 की इस जीत ने उनका राजनीतिक कद और ऊंचा किया है।







