विदेश डेस्क, नीतीश कुमार
वॉशिंगटन, ईरान ने अमेरिका और इज़रायल से संभावित शांति समझौते के तहत लेबनान स्थित शिया संगठन हिज़्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, ईरान ने मार्च के मध्य में यह रुख स्पष्ट किया था। साथ ही हिज़्बुल्लाह को यह आश्वासन भी दिया गया है कि लेबनान में संघर्ष-विराम इस संभावित समझौते का हिस्सा होगा।
ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, तेहरान पिछले करीब एक महीने से अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर विचार कर रहा है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच सप्ताहांत में “सकारात्मक और सार्थक” बातचीत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले पांच दिनों के लिए रोक दिए हैं।
हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों के बीच सीधे वार्ता होने की खबरों से इनकार किया है। मंत्रालय का कहना है कि उसे केवल ऐसे संदेश मिले हैं, जिनमें अमेरिका ने बातचीत की इच्छा जताई है।







