स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
- युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने संभाला कार्यभार
- अधिकारियों से ली विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी
पटना, बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के नवनियुक्त मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद ने शुक्रवार को नियोजन भवन के अपने कार्यालय कक्ष में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यभार संभालने के बाद मंत्री ने विभाग के सभी प्रभागों निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार कौशल विकास मिशन, बिहार राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, युवा आयोग के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की और विभाग के स्तर पर संचालित योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार सृजन और कौशल विकास से संबंधित कार्यों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। बैठक के दौरान मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान समय में जब राज्य सरकार द्वारा एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है, तो ऐसे में विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि इस विभाग को पांच महीने पहले बनाया गया है, जिसके कारण प्रारंभिक स्तर पर कुछ चुनौतियाँ स्वाभाविक हैं, लेकिन इन्हें अवसर में बदलते हुए बेहतर परिणाम देने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होनें अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार समीक्षा और संवाद से ही समस्याओं की पहचान होगी और समाधान का रास्ता निकलेगा। उन्होंने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षुओं के रिक्त पदों की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि कई संस्थानों में सीटें और अवसर दोनों खाली रह जाते हैं, जिन्हें भरने के लिए शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग की योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सभी अधिकारियों को अधिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।







