लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) सीवान द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सिसवन ढाला स्थित माँ शीतला भवानी मंदिर प्रांगण में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो नगर अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं, जो हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति संरक्षण का एक प्रेरणादायक प्रयास है।
डॉ. अजीत कुमार ने सभी युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला मंत्री प्रत्यूष शेखर, नगर महामंत्री राहुल गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष श्याम कुमार, नगर मंत्री विकाश कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







