ऑपरेशन 'नया सवेरा 3.0' के तहत बड़ी कार्रवाई, चार नाबालिग लड़कियां मुक्त, 3 संचालक गिरफ्तार
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। सक्रिय पुलिसिंग के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन 'नया सवेरा 3.0' के अंतर्गत सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा में कार्य करा रही चार नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। साथ ही तीन ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
पुलिस के अनुसार, अनैतिक देह व्यापार एवं मानव तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 जुलाई को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने दरौंदा एवं महाराजगंज थाना क्षेत्र में संचालित ऑर्केस्ट्रा स्थलों पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जबरन नृत्य कराई जा रही चार नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। वहीं तीन ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सभी लड़कियों के वास्तविक नाम, पता एवं उम्र का सत्यापन करा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें किन परिस्थितियों में वहां लाया गया तथा इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस मामले में दरौंदा एवं महाराजगंज थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के रामचन्द्रपुर निवासी विक्की कुमार, रसूलपुर निवासी आबिद अंसारी तथा महाराजगंज थाना क्षेत्र के बड़का टेघड़ा निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है। छापेमारी अभियान में दरौंदा एवं महाराजगंज थाना की पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) सीवान तथा रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या महिलाओं एवं बच्चों के शोषण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







