लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा: प्रखंड के करसौत पैक्स के आगामी चुनाव को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया तेज हो गई है। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सीपी कुमारी ने गुरुवार को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही मतदाता सूची के निरीक्षण तथा दावा-आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
जारी सूचना के अनुसार, बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार नियमावली, 2008 एवं बिहार राज्य सहकारिता (संशोधन) नियमावली, 2008 के प्रावधानों के तहत करसौत पैक्स की प्रारूप मतदाता सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है। यह सूची 9 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक कार्यालय अवधि में निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय, करसौत पैक्स कार्यालय तथा जिला सहकारिता पदाधिकारी कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।
निर्वाचन के लिए 30 जून 2026 को मतदाता सूची तैयार करने की कट-ऑफ तिथि निर्धारित की गई है। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम सूची में शामिल नहीं हुआ है, किसी नाम पर आपत्ति है या किसी प्रविष्टि में त्रुटि है, तो संबंधित सदस्य 20 जुलाई 2026 तक निर्धारित प्रपत्रों में दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए प्रपत्र एम-3 एवं एम-4 निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराए गए हैं।
निर्वाची पदाधिकारी सीपी कुमारी ने बताया कि प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन करने के बाद 22 जुलाई 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। साथ ही करसौत पैक्स के सचिव को निर्देश दिया गया है कि प्रारूप मतदाता सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक सदस्यों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र सदस्य अपने मताधिकार से वंचित न रहे।







