स्टेट डेस्क , रानी कुमारी
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दादरी थाना पुलिस ने लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोला को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया हैं। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार देर रात दादरी थाना क्षेत्र के चिटेहरा नहर स्थित पेरिफेरल अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान लिफ्ट देकर यात्रियों से लूटपाट करने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में हुई। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







