नेशनल डेस्क, वेरॉनिका राय
नई दिल्ली: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे इस वर्ष 300 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी देते हुए कहा कि ये ट्रेनें पहले से चल रही 800 से अधिक नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त होंगी।
रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे रथ यात्रा को लेकर पूरी तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद तैयारियों की समीक्षा करेंगे ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुचारू और बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके। उन्होंने बताया कि पुरी रेलवे स्टेशन पर लगभग 30 हजार यात्रियों के ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए अस्थायी व्यवस्था की जाएगी, जिससे भीड़ के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो। रविवार को ओडिशा के दौरे पर पहुंचे रेल मंत्री ने पुरी में अधिकारियों के साथ रथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव देने के निर्देश दिए। इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा 16 जुलाई से शुरू होकर 24 जुलाई तक चलेगी। हर साल इस आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंचते हैं।
अपने दौरे के दौरान रेल मंत्री ने पुरी-कोरापुट एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा से ओडिशा के आंतरिक क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे इस वर्ष ओणम के अवसर पर भी यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 100 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा।







