लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा, संवाददाता: जिले में बढ़ती सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए गुरुवार को दरौंदा थानाध्यक्ष ने पचरुखी एवं सराय थाना प्रभारियों के साथ क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान ज्वेलरी दुकानों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के क्रम में दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू हालत में रहें और उनकी रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप लिया जाए।
इसके अलावा दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र अपडेट रखने, आपात स्थिति में तत्पर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत थाना को सूचना देने का निर्देश दिया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान स्कूलों में चलने वाले वाहनों की भी जांच को लेकर चर्चा की गई तथा संबंधित संस्थानों को वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए ज्ञापन दिया गया। साथ ही क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने व्यवसायियों और आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन ही किसी भी अप्रिय घटना से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।







