लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान/दरौंदा: स्थानीय दरौंदा बाजार में शुक्रवार को विद्युत विभाग की टीम ने बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई विद्युत विभाग के कनिया अभियंता दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, बाजार के कई दुकानदार अपने दुकानों में टोका फंसाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान दर्जनों दुकानों में बिजली चोरी के मामले सामने आए।
विद्युत विभाग की टीम ने जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल बकाया था, उन्हें जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही जिन दुकानदारों द्वारा चोरी की बिजली का उपयोग किया जा रहा था, उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कनिया अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि बिजली चोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे नियमित रूप से बिजली बिल जमा करें और अवैध तरीके से बिजली का उपयोग न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







