दरौंदा में डिग्री महाविद्यालय संचालन की दिशा में बढ़ा कदम, प्राचार्य व सहायक ने दिया योगदान
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा प्रखंड के लाल बहादुर शास्त्री उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, बगौरा परिसर में संचालित होने वाले डिग्री महाविद्यालय के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मंगलवार को डिग्री महाविद्यालय, दरौंदा के लिए प्राचार्य पद पर डॉ. जमालुद्दीन तथा सहायक पद पर डॉ. अर्चना कुमारी ने अपना योगदान दिया।
ज्ञात हो कि बिहार सरकार ने सात निश्चय योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना का निर्णय लिया है। इसी क्रम में दरौंदा प्रखंड के बगौरा स्थित लाल बहादुर शास्त्री उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज का चयन डिग्री महाविद्यालय के संचालन के लिए किया गया है।
प्राचार्य के योगदान देने के बाद विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार तिवारी एवं शिक्षकों ने उन्हें डायरी और कलम भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि डिग्री महाविद्यालय के नियमित संचालन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।







