दारौंदा के झोर पुल पर बैरिकेडर से टकराई पिकअप, आर्केस्ट्रा की दो नर्तकी समेत तीन घायल
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान/दरौंदा: दरौंदा–महाराजगंज मुख्य मार्ग पर सिरसांव झोर पुल के समीप शनिवार दोपहर एक पिकअप वाहन अचानक लगाए गए बैरिकेडर से टकरा गया। इस हादसे में आर्केस्ट्रा में जा रही दो नर्तकी और उनकी एक सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया जाता है कि स्टेट हाईवे विभाग की ओर से सिरसांव झोर पुल के पास अचानक बैरिकेडर लगा दिया गया है, लेकिन पुल से पहले किसी प्रकार की चेतावनी या संकेतक बोर्ड नहीं लगाया गया है। इसके कारण तेज गति से आने वाले वाहनों को बैरिकेडर समय पर दिखाई नहीं देता और वे उससे टकरा जा रहे हैं। इससे वाहन और बैरिकेडर दोनों को नुकसान पहुंच रहा है तथा रोज दुर्घटना की स्थिति बन रही है।
शनिवार को जनता बाजार से एक आर्केस्ट्रा संचालक पिकअप वाहन से कलाकारों को लेकर सिसवन जा रहा था। जैसे ही वाहन सिरसांव झोर पुल के पास पहुंचा, चालक को अचानक बैरिकेडर दिखाई दिया। हड़बड़ाहट में चालक ने ब्रेक लगा दिया, जिससे पिकअप पर सवार दो नर्तकी और उनकी एक सहयोगी संतुलन खोकर वाहन से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल से पहले उचित चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।






