लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा: दारौंदा प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख गुड़िया सिंह की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर पंचायत समिति सदस्यों ने गंभीर सवाल उठाए और कई मुद्दों पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक के दौरान सदस्यों ने राजस्व विभाग के सरल अभियान को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई। आंगनबाड़ी केंद्रों के किराये के भवनों में संचालित होने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सदस्यों ने असंतोष जताया। साथ ही पूरे प्रखंड में कितने आंगनबाड़ी केंद्र सरकारी भवनों में तथा कितने किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं, इसकी सूची उपलब्ध कराने की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने टीएचआर वितरण के दौरान पूर्व सूचना देने की आवश्यकता भी उठाई।
बैठक में बिजली कटौती, जर्जर एवं टूटे हुए तारों की मरम्मत तथा नए विद्युत कनेक्शन नहीं दिए जाने को लेकर सदस्यों ने रोष व्यक्त किया। इन मुद्दों पर चर्चा के दौरान विद्युत विभाग के कनीय अभियंता (जेई) की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई गई और उनके विरुद्ध कार्रवाई की बात कही गई।
पीएचईडी विभाग की समीक्षा के दौरान नल-जल योजना की जर्जर पाइपलाइन और ऑपरेटरों को मानदेय नहीं मिलने की समस्या उठाई गई। पंचायतों में लगे सोलर लाइटों के बंद रहने की शिकायत भी सदस्यों ने की।
बैठक में अनुपस्थित पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश बीडीओ सिम्पी कुमारी ने दिया।
बैठक में बीडीओ सिम्पी कुमारी, सीओ वेदप्रकाश नारायण, प्रमुख प्रतिनिधि हरेश यादव, मुखिया रामकृष्ण सिंह, निरंजन सिंह, मंसूर अंसारी, नईमूलहक सिद्दीकी, मीरा देवी, लक्ष्मण राम, पप्पू राम, अजय यादव, संजू देवी, बबीता देवी, किरण देवी, सविता देवी, प्रतिमा देवी समेत अन्य पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।







