लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान: दारौंदा थाना क्षेत्र के पिनर्थू खुर्द पंचायत के पसीवड़ धानुक टोला गांव के दो बच्चों की पोखरा में सोमवार की दोपहर में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई. मृतक बच्चे की पहचान पसीवड़ धानुक टोला गांव के मुन्ना महतो के 10 वर्षीय लड़का बीरू कुमार एवं अमित कुमार के 11 वर्षीय लड़के हर्षित कुमार के रूप हुई है. घटना सोमवार की दोपहर 1:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने दोस्तो के साथ गांव के ही एक खोदी गई निजी पोखरा में नहा रहे थे. इसी दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. डूबते देख कर दूसरा उसे बचाने गया तो वह भी डूब गया. उसके साथ पोखरा में नहा रहे दोस्तो ने आसपास मौजूद लोगों को देखकर शोर मचाया लेकिन लोगो के पहुंचते पहुंचे दोनों बच्चे डूब गए थे. किसी तरह परिजन ग्रामीण की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाले. तब तक वह काल की गाल में समा चुका था. घटना की सूचना मिलते ही दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह तथा सीओ वेद प्रकाश नारायण दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उसे सीवान सदर अस्पताल भेज दिया. पूछे जाने पर सीओ ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है तथा परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि पोखरा की गहराई अधिक होने के कारण लोग यहां जाने से कतराते हैं, लेकिन बच्चों और किशोरों को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है.







