स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर एक बार फिर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कांके थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के परिवार को 20 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे परिवार दहशत में है।
थाने में दिए आवेदन के अनुसार, कांके थाना क्षेत्र निवासी मनोज कुमार के बेटे हर्षित भदानी के मोबाइल पर 22 मार्च को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सऐप संदेश भेजा गया। संदेश में खुद को दुबई से प्रिंस खान बताते हुए 20 लाख रुपये की मांग की गई।
मैसेज में लिखा था, “मैं प्रिंस खान दुबई से बोल रहा हूं, 20 लाख रुपये की फिरौती देनी है, नहीं तो जैसे रांची के रेस्त्रां में हत्या की है, वैसे ही तुम्हें भी मार दिया जाएगा। हां या ना का जवाब एक घंटे के अंदर दे देना, नहीं तो अपनी सुरक्षा खुद करना।”
इस संबंध में मनोज कुमार ने कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और केस की जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर रवि शंकर सिंह को सौंपा गया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी होने के बावजूद इस धमकी के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।







