स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
- ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री सह बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने टीम के गोलकीपर सावन कुमार को किया सम्मानित
- जापान में आयोजित एशियन हॉकी टूर्नामेंट में भारत ने जीता था गोल्ड
पटना । हाल में जापान में आयोजित एशियन हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-18) में भारत की टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। इस विजयी टीम में गोलकीपर की अहम भूमिका निभाने वाले सावन कुमार बिहार के रहने वाले हैं। इस बड़ी उपलब्धि पर सूचना एवं जन सम्पर्क, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री, जदयू विधायक दल के नेता सह बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने गोलकीपर सावन कुमार को सम्मानित किया। मंगलवार को सूचना भवन में आयोजित सम्मान समारोह में माननीय मंत्री ने कहा कि बिहार ने हॉकी के अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। यह बिहार के लिए पहला मौका है, जब किसी हॉकी खिलाड़ी ने अंडर-18 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। सावन कुमार ने न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे देश का नाम रौशन किया है।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि राज्य में सरकार के सहयोग से हॉकी में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। अनुभवी कोच और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे खिलाड़ी भविष्य में और बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे। बिहार में खेलों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए कई स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। सावन की इस जीत से राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी हॉकी खेलने के लिए प्रेरणा मिलेगी। सावन कुमार जैसे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि से लेकर सालाना छात्रवृति देने की योजना भी है।
फाइनल में जापान को 4-1 से हराया
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने जापान को उसके घरेलू मैदान पर 4-1 से पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराया था। माननीय मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि राज्य सरकार सावन कुमार को लगभग 16 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगी। साथ ही उन्हें छात्रवृत्ति योजना के तहत सालाना 20 लाख रुपये की सहायता भी दी जाएगी। अंत में कहा कि हमें अपने राज्य की प्रतिभाओं पर पूरा भरोसा है, वे जिस क्षेत्र में कदम रखेंगे सफलता मिलेगी।
इस दौरान गोलकीपर सावन कुमार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में हॉकी खेलना शुरू किया था। शुरुआती दिनों में सुबह की ट्रेनिंग और खाली जगहों पर अभ्यास से शुरुआत की। पहला राष्ट्रीय स्तर का मैच 2023 में खेला। आगे कहा कि कोच की मदद से स्केड्यूल, डाइट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की रणनीति को समझते हुए तैयारियां की। सावन के साथ मौजूद कोच शशि कुमार राणा ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान अन्य गोलकीपरों की वीडियो का अध्ययन कर प्रैक्टिस कराई गई। अनुभव के लिए विभिन्न टूर्नामेंट्स में भेजा गया।
बिहार में खेल के उभरते हुए माहौल पर सावन कुमार के कोच अजितेश रॉय ने कहा कि सरकार के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों से भी अब प्रतिभाएं उभर रही हैं। साकारात्मक खेल बदलावों पर राज्य के बाहर भी बातचीत होती है। सावन कुमार के माता-पिता ने कहा कि शुरू में उन्होंने बेटे की पढ़ाई पर काफी जोर दिया था, लेकिन बेटे की लगन देखकर हॉकी में उसे प्रोत्साहित किया। इस मौके पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अध्यक्ष रविंद्र शंकरण समेत अन्य मौजूद थे।







