नेशनल डेस्क , रानी कुमारी |
पंजाब में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पंजाब पुलिस ने अभियान चलाकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब 3.5 किलोग्राम हेरोइन, कई अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में था और भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थ और हथियार मंगवाता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों को पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से निर्देश मिलते थे, जिसके बाद वे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में इनकी सप्लाई करते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ लोग तरन तारन और अमृतसर के रहने वाले हैं। उनके पास से तीन आधुनिक तुर्की निर्मित पिस्तौल, 2.30 बोर पिस्तौल और एक 9 मिमी पिस्तौल सहित लगभग 60 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
अमृतसर पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लरने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में इस नेटवर्क को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं और पुलिस अब इस गिरोह के सीमा पार कनेक्शन तथा स्थानीय सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से सीमा पार से संचालित ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को झटका लगा है।







