लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान के क्षेत्राधिकार में सिवान-पचरुखी रेलखंड के बीच स्थित रेलवे गेट संख्या 88/सी पर एक मैजिक पिकअप वाहन की लापरवाही के कारण फाटक का बूम टूट गया। घटना गुरुवार को हुई, जिसके बाद आरपीएफ ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया।
आरपीएफ को सुबह 11:10 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या BR-29 GB-9476 ने रेलवे गेट के बूम में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह और कांस्टेबल बबलू कुमार यादव मौके पर पहुंचे। वहां ऑन ड्यूटी गेटमैन सुदर्शन राम और रेल पथ विभाग के जेई बबलू कुमार मौजूद मिले।
गेटमैन ने बताया कि डाउन मालगाड़ी को पास कराने के लिए सुबह 10:38 बजे फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहा मैजिक पिकअप चालक बंद हो रहे फाटक के भीतर घुस गया और वाहन के ऊपरी हिस्से से बूम में टक्कर मार दी। इससे बूम का करीब डेढ़ मीटर हिस्सा जड़ से टूट गया। चालक और वाहन को तत्काल रोक लिया गया।
संयुक्त निरीक्षण में पाया गया कि अप लाइन की ओर लगा बूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जबकि अन्य सुरक्षा उपकरण सही स्थिति में थे। रेल पथ विभाग ने नया बूम मंगवाकर दोपहर 1:30 बजे फाटक की मरम्मत पूरी कर दी। मरम्मत कार्य के दौरान ट्रेनों का परिचालन विशेष सावधानी के साथ कराया गया और किसी भी ट्रेन के विलंबित होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना से रेलवे को लगभग 10 हजार रुपये की क्षति हुई है। पूछताछ में चालक विकास कुमार (31 वर्ष), निवासी चौमुखा, थाना पचरुखी, ने स्वीकार किया कि फाटक बंद होते देख जल्दबाजी में उसे पार करने का प्रयास किया, जिससे यह हादसा हुआ।
आरपीएफ ने चालक को रेलवे अधिनियम की धारा 160(2) के तहत हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट सीवान में कांड संख्या 330/26 दर्ज किया गया है। मामले की जांच आरपीएफ चौकी दुरौंधा के उपनिरीक्षक ग्यास सरवर को सौंपी गई है।







