नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली, तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार से प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी है। हालांकि सामान्य पेट्रोल और सभी प्रकार के डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के इरविन रोड सर्विस स्टेशन पर प्रीमियम पेट्रोल ‘एक्सपी95’ की कीमत अब 101.89 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 99.89 रुपये प्रति लीटर थी।
वहीं सामान्य पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। प्रीमियम डीजल ‘एक्सजी’ की कीमत भी 91.49 रुपये प्रति लीटर पर यथावत रखी गई है।
इंडियन ऑयल के अलावा भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी लगभग समान वृद्धि की है। लंबे समय बाद पेट्रोल-डीजल की श्रेणी में किसी उत्पाद के दाम बढ़ाए गए हैं।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे लागत बढ़ी है। इसी के चलते तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में वृद्धि की है।







