स्पोर्ट्स डेस्क, ऋषि राज
अहमदाबाद: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। अहमदाबाद के भरे हुए स्टेडियम में खेले जा रहे इस महामुकाबले में भारत के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए, जो टी20 फाइनल जैसे बड़े मंच पर एक बेहद मजबूत स्कोर माना जा रहा है।
भारत की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार पारी खेलते हुए टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी और भारतीय टीम को मजबूत आधार प्रदान किया।
सैमसन के अलावा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी तेजतर्रार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दोनों के बीच तेज साझेदारी ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में ही स्कोर तेजी से आगे बढ़ा दिया।
इसके बाद ईशान किशन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। किशन ने 4 चौके और 4 छक्के लगाकर भारतीय पारी की रफ्तार बनाए रखी। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
मध्यक्रम में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 18 रन जोड़े। वहीं अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने जबरदस्त फिनिशिंग करते हुए भारतीय पारी को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाते हुए 3 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत का
स्कोर 250 के पार पहुंच गया।
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में जेम्स नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 46 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं मैट हेनरी और रचिन रविंद्र को एक-एक विकेट मिला।
भारतीय बल्लेबाजों की इस आक्रामक बल्लेबाजी से साफ है कि टीम फाइनल में खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी है। अब न्यूजीलैंड के सामने टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के लिए 256 रनों का मुश्किल लक्ष्य है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस रोमांचक मुकाबले के दूसरे हिस्से पर टिकी हुई हैं कि क्या न्यूजीलैंड इस विशाल लक्ष्य का पीछा कर पाएगा या भारत एक और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा।







