स्पोर्ट्स डेस्क,श्रेयांश पराशर l
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलन ने आतिशी शतक जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। एलन ने नाबाद 100 रन की पारी खेली और अपनी टीम को 34 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता के सामने 143 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 31 रन तक अपने शुरुआती दो विकेट गंवा दिए। कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर रनआउट हो गए, जबकि अक्षर पटेल ने अंगकृष रघुवंशी को सिर्फ एक रन पर पवेलियन भेज दिया। शुरुआती झटकों के बाद फिन एलन ने मोर्चा संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
फिन एलन ने मात्र 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और 10 शानदार छक्के लगाए। यह आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से सबसे तेज शतक भी बन गया। एलन ने मुकेश कुमार की गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत तक पहुंचाया।
एलन को कैमरन ग्रीन का भी अच्छा साथ मिला। ग्रीन ने 27 गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 116 रनों की अविजित साझेदारी की। कोलकाता ने 14.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स को पीछे छोड़ते हुए सातवां स्थान हासिल कर लिया। 10 मैचों में यह केकेआर की चौथी जीत रही।







