लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित धावा दल ने शनिवार को नया सवेरा ऑपरेशन 3.0 के तहत महराजगंज और रघुनाथपुर प्रखंड में संयुक्त छापेमारी कर छह बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। साथ ही संबंधित नियोजकों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
धावा दल ने महराजगंज और रघुनाथपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। इस दौरान छह बाल श्रमिकों को दुकानों से मानव तस्करी रोधी इकाई, स्थानीय थाना पुलिस एवं स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, सीवान के सहयोग से मुक्त कराया गया। सभी बच्चों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया।
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुधांशु रंजन पांडे, सौरभ सुमन, हिमांशु राज, विश्वजीत कुमार एवं अनीता कुमारी, सीएसए स्वीटी कुमारी सिंह, प्रोग्राम मैनेजर भोला श्रीवास्तव, सीएसडब्ल्यू धीरज सिंह और भोलू कुमार के साथ रघुनाथपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल शामिल रहे।







