नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन
लखनऊ | समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से यादव परिवार, समर्थकों और करीबी लोगों में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सुबह करीब छह बजे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है।
डॉक्टरों की निगरानी में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिवार और करीबी लोग फिलहाल इस घटना से गहरे सदमे में हैं। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी और खुद को व्यवसायिक और सामाजिक कार्यों तक सीमित रखा।
उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने रियल एस्टेट और फिटनेस सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई। वह लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लेनेट’ नाम से जिम का संचालन करते थे, जो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता था।
इसके अलावा प्रतीक यादव पशु संरक्षण और सामाजिक सेवा के कार्यों से भी जुड़े हुए थे। वह ‘जीव आश्रय’ नामक संस्था चलाते थे, जिसके माध्यम से सड़क पर रहने वाले कुत्तों के इलाज और देखभाल का काम किया जाता था।
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला संघ आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। प्रतीक यादव के असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।







