लोकल डेस्क, नीतीश कुमार।
मोतिहारी के केसरिया प्रखंड में सोमवार रात एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। एनएच-74 पर एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। हादसे में ट्रक के उपचालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक केसरिया की दिशा में जा रहा था। कुशहर गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने अचानक साइड लिया, जिससे ट्रक चालक घबरा गया और वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक नागेश्वर शाह के घर की बाउंड्री तोड़ते हुए सीधे मकान में घुस गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क किनारे लगे दो पेड़ भी उखड़ गए। बाउंड्री गिरने के बाद ट्रक मकान से टकराया, जिससे उसका केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान चालक और उपचालक दोनों केबिन में बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलते ही केसरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्राइंडर कटर की सहायता से ट्रक के केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया।
बचाव के दौरान उपचालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र निवासी मासूम के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल चालक गौरी आलम को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
गनीमत यह रही कि जिस जगह ट्रक ने टक्कर मारी, वहां आमतौर पर कई लोग बैठे रहते हैं, लेकिन हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। घर के सभी सदस्य दूसरे कमरे में थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। केसरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घायल चालक का इलाज अस्पताल में जारी है।






