एंटरटेनमेंट डेस्क - वेरॉनिका राय
मुंबई । अभिनेता मनोज बाजपेयी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गवर्नर’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। यह फिल्म देश के उस आर्थिक संकट की कहानी को पर्दे पर उतारती है, जब 1990 के दशक में भारत कंगाली और दिवालियापन की कगार पर पहुंच गया था। ट्रेलर में उस दौर की भयावह स्थिति, जनता का गुस्सा और देश को बचाने के लिए उठाए गए ऐतिहासिक कदमों को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।
फिल्म का निर्माण फिल्मकार विपुल अमृतलाल शाह के ‘सनशाइन पिक्चर्स’ बैनर तले किया गया है। ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह गिरती अर्थव्यवस्था ने देशभर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया था और हालात इतने बिगड़ गए थे कि भारत को अपना सोना तक गिरवी रखना पड़ा।
ट्रेलर में सड़कों पर उतरकर विरोध करती जनता, आर्थिक संकट से जूझती सरकार और देश को डूबने से बचाने की जद्दोजहद को बेहद गंभीर और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इस संकट के दौरान देश को संभालने के लिए लिए गए फैसलों ने इतिहास बदल दिया था। फिल्म उसी संघर्ष और साहस की कहानी कहती नजर आती है।
फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। इसमें उस समय के भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर श्री वेंकिटारमनन जैसे लोगों के योगदान को दिखाया गया है, जिन्होंने कठिन हालात में महत्वपूर्ण फैसले लेकर देश को आर्थिक संकट से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई थी।
फिल्म में अदा शर्मा भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। ट्रेलर में मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा के अभिनय की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। निर्देशन मराठी सिनेमा के चर्चित निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि फिल्म के सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं।
फिल्म के निर्माताओं ने आज की युवा पीढ़ी को 1990 के आर्थिक संकट से परिचित कराने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शन का आयोजन भी किया, जहां युवाओं को फिल्म का ट्रेलर दिखाया गया। निर्माताओं का मानना है कि नई पीढ़ी को देश के इस कठिन दौर के बारे में जानना चाहिए।
‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। यह फिल्म केवल एक कहानी नहीं, बल्कि देश के इतिहास के उस कठिन अध्याय की याद दिलाने वाली प्रस्तुति मानी जा रही है, जिसने भारत की आर्थिक दिशा बदल दी थी।







