स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना ।
पटना : केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लिखित पुस्तक ‘अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरा अनुभव’ का लोकार्पण मंगलवार को नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवे गौड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भेजे गए विशेष आमंत्रण को स्वीकार करते हुए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुस्तक के सफल प्रकाशन की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान भारतीय राजनीति के ऐसे लोकप्रिय नेता हैं, जिन्हें लोग स्नेहपूर्वक “मामा” कहकर पुकारते हैं। उन्होंने कहा कि यह संबोधन केवल एक नाम नहीं, बल्कि जनता के साथ उनके आत्मीय संबंध, सरल व्यवहार और पारिवारिक जुड़ाव का प्रतीक है।
उन्होंने पुस्तक ‘अपनापन’ की चर्चा करते हुए कहा कि यह केवल संस्मरणों का संग्रह नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बिताए गए अनुभवों, उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों का जीवंत दस्तावेज है।
श्रवण कुमार ने शिवराज सिंह चौहान के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं, जो समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश देता है।
उन्होंने आगे कहा कि शिवराज सिंह चौहान चार बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और किसानों, महिलाओं, गरीबों एवं युवाओं के हित में अनेक कल्याणकारी कार्य किए हैं। अंत में मंत्री ने पुस्तक के सफल प्रकाशन और लोकार्पण के लिए शुभकामनाएं दीं।







