स्पोर्ट्स डेस्क, ऋषि राज
कोलंबो: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-8 में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए आगे की राह मुश्किल होती नजर आ रही है। मुकाबले में श्रीलंका के बल्लेबाजों ने जबरदस्त खेल दिखाया और लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 20 ओवर में 181 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मिचेल मार्श ने 27 गेंदों में 54 रन और ट्रैविस हेड ने 29 गेंदों में 56 रन की तेज पारी खेली। दोनों ने शुरुआती ओवरों में रनगति तेज रखी, लेकिन मध्यक्रम ज्यादा देर टिक नहीं सका। ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन और जोश इंग्लिस ने 27 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के गेंदबाजों ने समय-समय पर विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर से रोक दिया। दुष्मंथा चमीरा, महीश तीक्ष्णा और दुनिथ वेल्लालागे ने महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने शानदार शुरुआत की। पथुम निसांका ने बेहतरीन शतक जड़ते हुए 52 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। कुसल मेंडिस ने 51 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया, जबकि पथुम रथनायके 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। श्रीलंका ने 18 ओवर में ही 184 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी इस मैच में प्रभावहीन रही। मार्कस स्टोइनिस को दो विकेट जरूर मिले, लेकिन अन्य गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे। लगातार चौकों-छक्कों की बदौलत श्रीलंका ने लक्ष्य को बेहद सहज तरीके से हासिल कर लिया।
इस जीत के बाद श्रीलंका की टीम अंक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है और सुपर-8 में जगह बनाने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया को अब अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, नहीं तो टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा बढ़ सकता है।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि श्रीलंका की यह जीत टूर्नामेंट के सबसे बड़े उलटफेरों में गिनी जाएगी। टीम का आत्मविश्वास इस जीत से काफी बढ़ा है और आने वाले मैचों में वह और मजबूत प्रदर्शन कर सकती है।






