नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सिंगापुर पहुंच गए हैं। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करते हुए एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो के साथ रोहिणी ने लिखा, "हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं। हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारो धाम आए हैं। उनके चरणों की धूल ले लें हम। हमारे कृपानिधान आए हैं।"
साझा किए गए वीडियो में लालू यादव के पहुंचते ही रोहिणी उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेती नजर आ रही हैं। वीडियो में रोहिणी ने अपने पिता के साथ पुराने तस्वीरों को भी शामिल किया है। इस दौरान उनकी बड़ी बहन मीसा भारती भी दिखाई दे रही हैं।
रोहिणी ने इस वीडियो को भोजपुरी गीत 'तोहरे बगिया के रहनी सुगनिया... सुगनिया तोहरो उड़ी चलली हो...' के साथ पोस्ट किया है। लालू रोहिणी के लिए बिहार से लीची और आम लेकर भी गए। रोहिणी ने वीडियो में आम-लीची की पेटी भी दिखाई है। इसके अलावा लालू अपनी बेटी के लिए लड्डू, तरह-तरह की मिठाई, मूढ़ी, के साथ-साथ श्रृंगार के सामान भी साथ ले गए हैं।
गौरतलब है कि 15 नवंबर की रात रोहिणी आचार्य ने राबड़ी आवास छोड़ दिया था। उस समय पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा था, "मेरा कोई परिवार नहीं है। उन्होंने ही मुझे परिवार से निकाला है। सारी दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ है, लेकिन उन्हें जिम्मेदारी नहीं लेनी है।"
रोहिणी ने तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले संजय यादव और रमीज पर भी आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था, "ये सवाल अब तेजस्वी यादव से पूछिए। सवाल पूछोगे तो गाली दी जाएगी, चप्पल से मारा जाएगा।"
बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद रोहिणी आचार्य और तेजस्वी यादव के बीच मतभेदों की चर्चा तेज हुई थी। इसी दौरान रोहिणी ने सोशल मीडिया पर राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि संजय यादव और रमीज के कहने पर उन्हें ऐसा कदम उठाना पड़ा।
इसके बाद किए गए एक पोस्ट में रोहिणी ने लिखा था, "मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया। मुझे अनाथ बनाया गया। मैंने रोते-रोते घर छोड़ा है। मुझे मारने के लिए चप्पल उठाई गई।"
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा था, "मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूं और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी, करोड़ों रुपए लिए, टिकट लिया तब लगवाई गंदी किडनी।"
रोहिणी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा था कि उन्होंने अपने पिता को बचाने के लिए किडनी दान की थी और आज उसी बात को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने सभी बेटियों और बहनों से अपील करते हुए लिखा था कि वे अपने जीवन से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें।







