लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दरौंदा थाना क्षेत्र के सिरसाव नवका टोला के समीप गुरुवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। हालांकि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और कार चालक सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार महाराजगंज की ओर से दरौंदा आ रही थी, जबकि एक टेंपो दरौंदा से महाराजगंज की ओर जा रहा था। आमने-सामने आने के दौरान दोनों वाहनों को बचाने के प्रयास में कार चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी।
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी दरौंदा थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







