लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीवान रेलवे स्टेशन से तीन चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 3.5 किलोग्राम चरस, चार मोबाइल फोन और ₹10,770 नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 17 मार्च को आरपीएफ टीम स्टेशन परिसर में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 2/3 के पश्चिमी छोर पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एक जूट के थैले से सात पैकेट चरस बरामद हुए, जिन्हें मुरादाबाद ले जाने की योजना थी। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने तस्करी की बात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविन्द मिश्र उर्फ छोटे मिश्रा (42 वर्ष) अंसार अली (54 वर्ष) और मनोज मुसहर (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी सीवान जिले के गोरेया कोठी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
आरपीएफ ने बरामद सामान और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी सीवान को सौंप दिया है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुबाष चंद्र यादव के नेतृत्व में आरपीएफ टीम के अन्य जवान शामिल थे।







