लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा प्रखंड मुख्यालय स्थित पीपरा गांव में शनिवार को समाजसेवी स्वर्गीय बालेश्वर राम की नौवीं पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और भावुक वातावरण के बीच मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित पुष्पांजलि समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों, समाजसेवियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय बालेश्वर राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पित जीवन को याद किया।
समारोह में जिला पार्षद धर्मेंद्र कुमार यादव, शिक्षक विद्या मांझी, अरमान भारती, कन्हैया साह, राकेश पांडेय, संतोष यादव तथा विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय बालेश्वर राम के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी।अपने संबोधन में जिला पार्षद धर्मेंद्र कुमार यादव उर्फ छून्नी बाबू ने कहा कि स्वर्गीय बालेश्वर राम का पूरा जीवन समाजसेवा को समर्पित था। वे हमेशा गरीबों और लाचार लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उन्होंने कहा कि आज के समय में ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर जीतेंद्र सिंह, संजय यादव, राम विलास साह, परशुराम साह, द्वारिका प्रसाद, विनोद राम, उमाशंकर राम, बृजमोहन सिंह, रामाश्रय कुमार तथा अनिता देवी ने भी स्वर्गीय बालेश्वर राम के व्यक्तित्व और सामाजिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि समाज में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।







