विदेश डेस्क,श्रेयांश पराशर l
गोथेनबर्ग (स्वीडन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के तीसरे चरण में रविवार देर शाम स्वीडन पहुंचे, जहां स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने स्वयं हवाई अड्डे पर पहुंचकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री मोदी का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडन पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि वह भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश, नवाचार, रक्षा तथा तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं और यह यात्रा भविष्य की साझेदारी को नई दिशा देगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वह स्वीडन के प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इस सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भारत और यूरोप के बीच निवेश तथा आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीडिश प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत-स्वीडन मित्रता की गहराई को दर्शाता है। गोथेनबर्ग में भारतीय समुदाय से मिले स्नेह को उन्होंने भावुक और प्रेरणादायक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के दौरान महात्मा गांधी का प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो’ भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मोदी ने कहा कि गांधीजी के विचार पूरी दुनिया को शांति, मानवता और बेहतर भविष्य की प्रेरणा देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री के बीच द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम भी तय है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।







