लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
रक्सौल / बीरगंज बीरगंज मेन रोड स्थित ऐतिहासिक व प्राचीन श्री महावीर मंदिर में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी चैत्र 19, गुरुवार को आयोजित इस अवसर पर सामूहिक महाआरती की विशेष तैयारी की गई है।
वीरगंज महानगरपालिका–6 के वार्ड अध्यक्ष जयप्रकाश शाह के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 6 बजे महाआरती संपन्न होगी। इसके बाद रात 7:30 बजे श्रद्धालु भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
श्री गहवा माई तीर्थ क्षेत्र विकास समिति के आमंत्रित सदस्य तथा ज्योतिष एवं वास्तुविद् डॉ. पुरुषोत्तम दुबे ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागी होकर बजरंगबली का आशीर्वाद लेने की अपील की है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए श्री महावीर मंदिर समिति, साप्ताहिक सुंदरकांड प्रचार समिति, साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ समिति, श्याम नवयुवक मंडल, मारवाड़ी महिला मंच और रानी सती ज्योति मंडल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थापन के लिए विशेष तैयारी की है। इस आयोजन से बीरगंज के धार्मिक माहौल को और मजबूती मिलने के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।







