एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
केजीएफ, कांतारा और सलार जैसी सफल फिल्मों के लिए मशहूर प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने अपनी पहली मराठी-हिंदी हिप-हॉप म्यूजिकल फिल्म ‘येतो का नाय’ और इसके हिंदी संस्करण ‘वाईकेएन – पहला वार’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह फिल्म मुंबई की हिप-हॉप और स्ट्रीट कल्चर की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी, जिसमें युवाओं की दोस्ती, प्यार, पहचान और आत्म-खोज की कहानी दिखाई जाएगी।
फिल्म का निर्माण विजय किरागंदूर कर रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी सारंग संजीव साठे संभाल रहे हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा सारंग संजीव साठे, सुजय जाधव, सृष्टि तावड़े और श्रेयस सगवेकर ने मिलकर लिखी है। वहीं, छायांकन हर्षवीर ओबेरॉय और संगीत एवी प्रफुल्लचंद्र ने तैयार किया है।
निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म युवाओं की भावनाओं और मुंबई के उभरते हिप-हॉप कल्चर को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करेगी। फिल्म की शूटिंग फिलहाल मुंबई में चल रही है और इसे इसी वर्ष सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। हालांकि, रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है।
होम्बले फिल्म्स ने फिल्म का फर्स्ट-लुक पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर के साथ साझा किए गए संदेश में दोस्ती, प्रतिस्पर्धा और भाईचारे की कहानी की झलक देखने को मिली है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
सोशल मीडिया और फिल्म प्रेमियों के बीच भी इस घोषणा को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई दर्शकों ने मराठी सिनेमा में बड़े स्तर की नई शैली और हिप-हॉप आधारित कहानी के आने को उत्साहजनक कदम बताया है।







