लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
पटना/सिवान। राजधानी पटना के ऐतिहासिक एवं चर्चित पीरबहोर थाना में नए थाना अध्यक्ष के रूप में सिवान जिले के दरौंदा प्रखंड अंतर्गत बगौरा गांव निवासी राजकुमार सिंह उर्फ राजू भैया ने पदभार ग्रहण किया है। उनके पदभार ग्रहण करने की खबर से गांव एवं क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।
राजकुमार सिंह एक किसान परिवार से आते हैं और अपनी ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ तथा निष्पक्ष कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने कई संवेदनशील क्षेत्रों में सफलतापूर्वक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उनके अनुभव एवं कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें पीरबहोर जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र की कमान सौंपी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले लगभग 36 वर्षों से पीरबहोर थाना में जिस प्रकार लगातार थाना अध्यक्षों की नियुक्तियां होती रही थीं, उसे लेकर आम जनमानस के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं होती रहती थीं। कई लोगों का मानना था कि मानो यह पद किसी विशेष वर्ग या समुदाय तक ही सीमित होकर रह गया हो। हालांकि राजकुमार सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद ऐसी चर्चाओं पर विराम लगने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे यह संदेश गया है कि प्रशासन में नियुक्तियां योग्यता, अनुभव एवं सेवा रिकॉर्ड के आधार पर होती हैं।
इस संबंध में विश्व सनातन सेवा संगठन के बिहार प्रदेश सचिव अभिषेक कुमार मिश्रा ने संगठन एवं क्षेत्रवासियों की ओर से राजकुमार सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनके लिए यह गर्व का विषय है कि बगौरा गांव का एक कर्मठ और ईमानदार बेटा इतने महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभाल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजकुमार सिंह अपनी सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा की भावना के साथ पीरबहोर थाना क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित करने का कार्य करेंगे।
अभिषेक कुमार मिश्रा ने बिहार पुलिस प्रशासन एवं बिहार सरकार का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग्य अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने से आम जनता का विश्वास और मजबूत होता है। उन्होंने राजकुमार सिंह के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।







