लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा प्रखंड क्षेत्र की मडसरा पंचायत अंतर्गत बैदापुर बिशुनपुरा गांव के दीपक प्रसाद ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दीपक प्रसाद के एसडीएम बनने पर मुखिया प्रतिनिधि बबलू तिवारी ने समर्थकों के साथ उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर बधाई दी और उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
वक्ताओं ने कहा कि दीपक प्रसाद की सफलता यह सिद्ध करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनके एसडीएम बनने से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे प्रशासनिक सेवा में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर आनंद हुसैन, मेहनत शाह, सुभाष मियां, वीरेंद्र शाह, हीरालाल शाह, जवाहर शाह, सुरिंदर शाह, भागीरथ शर्मा, कौशल सिंह, रामेश्वर सिंह, महात्मा सिंह, देवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।







