नेशनल डेस्क , रानी कुमारी
नई दिल्ली, मिडिल-ईस्ट (पश्चिम एशिया) में जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत में महंगाई के रूप में साफ दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों ने 1 अप्रैल से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में ₹195.50 की भारी बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर ₹2,078.50 हो गई है।
यह लगातार दूसरा महीना है जब कमर्शियल गैस की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इससे पहले मार्च में भी कीमतों में ₹114.50 का इजाफा किया गया था, जिससे कुल मिलाकर पिछले दो महीनों में ₹300 से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह बढ़ोतरी मिडिल-ईस्ट में बढ़ते युद्ध और तनाव के कारण वैश्विक कच्चे तेल और LPG की कीमतों में आई तेज उछाल का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई चेन प्रभावित होने से ऊर्जा संकट गहरा गया है।
इसका सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री, ढाबे और छोटे फूड बिजनेस ,कैटरिंग सर्विस, बेकरी और फूड प्रोसेसिंग यूनिट जैसे उद्योगों पर पड़ेगा, क्योंकि ये सेक्टर बड़े पैमाने पर कमर्शियल LPG का इस्तेमाल करते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, क्योंकि व्यवसायी बढ़ी लागत को ग्राहकों पर डाल सकते हैं।
हालांकि इस बार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे आम जनता को फिलहाल सीधी महंगाई से राहत मिली है।
लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात लंबे समय तक खराब रहते हैं, तो घरेलू सिलेंडर भी महंगे हो सकते हैं।
देश के प्रमुख शहरों में नई कीमतें:
| दिल्ली : 2,078.50 ₹
| मुंबई : 2,031₹
| कोलकाता : 2,208₹
| चेन्नई : 2,246.50₹







