NEET पेपर लीक मामले में राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, बोले- धर्मेंद्र प्रधान को हटाएं या PM जवाबदेही लें
नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली,। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो प्रधानमंत्री को स्वयं इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।
राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, “मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत हटाइए या जवाबदेही खुद लीजिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटना से लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत प्रभावित हुई है। राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश जानता है कि NEET परीक्षा से पहले व्हाट्सएप पर कथित तौर पर प्रश्नपत्र साझा किए जा रहे थे।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री ने इस मामले से खुद को अलग बताया और संसदीय समिति की सिफारिशों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को वैचारिक और आर्थिक हितों की मिलीभगत से नुकसान पहुंचा है तथा विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों के दौरान योग्यता की अनदेखी की जा रही है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि बार-बार होने वाली पेपर लीक घटनाओं से करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री को हस्तक्षेप कर शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग कर चुके हैं।







