NEET-UG पेपर लीक मामले में दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा, जल्द होगी दोबारा परीक्षा: NTA प्रमुख
नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने मंगलवार को कहा कि NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा दोबारा पूरी निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी और इसका शेड्यूल अगले दस दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा।
अभिषेक सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा, “हमने यह मामला CBI को सौंप दिया है। सभी दोषियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा ताकि होनहार छात्रों के भविष्य पर कोई आंच न आए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों से किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। साथ ही पहली परीक्षा के लिए जमा की गई फीस वापस करने की व्यवस्था भी की जाएगी।







