लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत गुरुवार को दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 130 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में पहुंची गर्भवती महिलाओं की सबसे पहले सर्दी, खांसी, बुखार एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई। इसके बाद लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान द्वारा रक्त नमूना लेकर एचआईवी, हीमोग्लोबिन, शुगर, रक्त समूह, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। जांच पूरी होने के बाद सभी मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
चिकित्सक डॉ. मुबारक अली ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। वहीं डॉ. रजिया सुल्ताना एवं डॉ. अनुपमा कुमारी ने गर्मी और मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी एवं अन्य पेय पदार्थों का सेवन करने की आवश्यकता बताई।
लैब टेक्नीशियन अब्दुल जनान ने बताया कि सभी महिलाओं के रक्त नमूनों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. मुबारक अली, डॉ. रजिया सुल्ताना, डॉ. अनुपमा कुमारी, एएनएम अनीता कुमारी, जूली कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।







