SP स्वर्ण प्रभात का बड़ा एक्शन: चिरैया थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, गांधी मैदान चौकी प्रभारी निलंबित
लोकल डेस्क, नीतीश कुमार |
मोतिहारी। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर रविवार को चिरैया थाना और गांधी मैदान पुलिस चौकी से जुड़े पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के तहत चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार को अपराध नियंत्रण में विफलता के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया है। क्षेत्र में बढ़ते अपराध और उन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया।
चिरैया थाना की जिम्मेदारी अब डीआईओ प्रभारी अम्बेश कुमार को सौंपी गई है। अम्बेश कुमार वर्ष 2014 बैच के दारोगा हैं और पूर्व में पहाड़पुर मुफ्फसिल थाना के थानाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
वहीं, गांधी मैदान पुलिस चौकी के प्रभारी हरेंद्र राम और वहां तैनात एक गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। गांधी मैदान क्षेत्र से लगातार बाइक चोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने पर एसपी ने इसे गंभीर लापरवाही माना और कार्रवाई की।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इसे अधिकारियों और कर्मियों के लिए स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को अधिक सतर्कता और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।







