लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा : महाराजगंज-दारौंदा मुख्य सड़क पर मंगलवार की दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक साइकिल सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दारौंदा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के पूर्वी हड़सर गांव निवासी भगवानलाल भगत मंगलवार को करीब 3:30 बजे महाराजगंज बाजार से खरीदारी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दारौंदा से महाराजगंज की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी दारौंदा पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों की सलाह पर घायल को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, सीवान लेकर चले गए। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।







