स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना।
सिविल लिस्ट पुस्तिका 2026 का विमोचन, अधिकारियों की पूरी जानकारी एक जगह
-आईएएस, बिहार प्रशासनिक सेवा और सचिवालय कर्मियों की विस्तृत जानकारी फोटो सहित पुस्तिका में शामिल
-सामान्य प्रशासन विभाग की पहल, अधिकारियों की सेवा से जुड़ी अहम जानकारी एक ही जगह उपलब्ध
पटना, सामान्य प्रशासन विभाग के तत्वावधान में बुधवार को पुराना सचिवालय स्थित सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अपर मुख्य सचिव बी. राजेंदर, वित्त सचिव रचना पाटिल, उच्च शिक्षा सचिव राजीव रौशन एवं विशेष सचिव गीता सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सिविल लिस्ट पुस्तिका 2026 का विमोचन किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव बी. राजेंदर ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से भारतीय प्रशासनिक सेवा, बिहार प्रशासनिक सेवा, बिहार सचिवालय सेवा तथा बिहार सचिवालय आशुलिपिकीय सेवा से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की सिविल लिस्ट पुस्तिका 2026 प्रकाशित की गई है। इन पुस्तिकाओं में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के फोटो सहित उनकी सेवा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां समाहित की गई हैं, जो प्रशासनिक कार्यों में उपयोगी सिद्ध होंगी।
उन्होंने पुस्तिका के प्रकाशन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में अपर सचिव रजनीश कुमार, संयुक्त सचिव जगदीश कुमार, जेएडी संजय कुमार, डीपीआरओ तपिश सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।







