लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवानः रेलवे सुरक्षा बल सिवान की CPDS टीम ने गुरुवार को अवध असम एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के आदेश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15910 अवध असम एक्सप्रेस के सिवान स्टेशन आगमन पर CPDS टीम द्वारा आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके पास से 24 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड विदेशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक बोतल 180 एमएल की थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 4.32 लीटर तथा अनुमानित कीमत करीब छह हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विक्की कुमार के रूप में हुई है।
वह मुजफ्फरपुर जिले के छाता बाजार का निवासी बताया गया है। बरामद शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग सिवान को सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उत्पाद विभाग के अधिकारी राजीव रंजन शुक्ला द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में CPDS टीम एवं आरपीएफ पोस्ट सिवान के अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मयंक भूषण तिवारी, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, बिन्देश्वर साह गोंड एवं इंद्रजीत यादव शामिल थे।







