स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य |
श्रीलंका दौरे पर त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया-ए ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। दाम्बुला में खेले गए मैच में मेजबान श्रीलंका-ए को 8 रन से हराने में उप-कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के शतक और गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में की गई शानदार वापसी की अहम भूमिका रही। खास तौर पर 49वें ओवर में अरशद खान ने तीन विकेट गिरने वाले घटनाक्रम में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वैभव जल्दी लौटे, गायकवाड़ ने संभाली पारी
मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर थी। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी। उन्होंने अपनी पारी की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर सकारात्मक शुरुआत की, लेकिन इस बार ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और 12 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए।
इंडिया-ए ने 69 रन के स्कोर तक तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। गायकवाड़ ने 114 गेंदों में (6 चौके और 3 छक्के)101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 97 गेंदों में (2 चौके और 1 छक्के) 60 रन बनाकर टीम को मजबूती दी। दोनों बल्लेबाज लगातार ओवरों में आउट हुए, लेकिन बाद में आयुष बडोनी (24) और सूर्यांश शेडगे (26 नाबाद) की तेज बल्लेबाजी की मदद से इंडिया-ए ने 277 रन का स्कोर खड़ा किया।
अच्छी शुरुआत के बाद भी श्रीलंका-ए से फिसला मैच
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका-ए के अनुभवी सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो (45) और निरोशन डिकवेला (47) ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़ दिए। हालांकि, आयुष बडोनी ने लगातार दो ओवरों में दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर भारत को मैच में वापस ला दिया। इसके बाद श्रीलंका-ए ने 109 रन तक तीन विकेट गंवा दिए।
मध्यक्रम में सदीरा समरविक्रमा (46) और कप्तान सहन अराच्चिघे ने 78 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। भारतीय गेंदबाजों ने बीच-बीच में विकेट जरूर हासिल किए, लेकिन अराच्चिघे के क्रीज पर रहने तक श्रीलंका-ए मुकाबले में आगे दिखाई दे रही थी।
आखिरी तीन ओवर में श्रीलंका-ए को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। इसी दौरान 48वें ओवर की दूसरी गेंद पर अंशुल कम्बोज ने अराच्चिघे (74) को बोल्ड कर दिया। इसके बावजूद श्रीलंका-ए के तीन विकेट शेष थे और मुकाबला उसके पक्ष में नजर आ रहा था। लेकिन 49वें ओवर में अरशद खान ने मैच का रुख बदल दिया। इस ओवर की पांच गेंदों के भीतर श्रीलंका-ए ने अपने आखिरी तीन विकेट गंवा दिए, जिनमें दो विकेट अरशद के खाते में आए। पूरी टीम 269 रन पर सिमट गई और इंडिया-ए ने रोमांचक अंदाज में 8 रन से जीत दर्ज कर ली।







