लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सिंपी कुमारी के समक्ष 17 कार्यपालक सहायकों ने योगदान किया। योगदान के बाद बीडीओ ने सभी कार्यपालक सहायकों से रू-ब-रू होकर उनके दायित्वों और कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर कार्यपालक सहायकों ने कहा कि वे पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। बीडीओ ने सभी कार्यपालक सहायकों के बीच पंचायतों का बंटवारा भी कर दिया।
बताया गया कि ये कार्यपालक सहायक संबंधित पंचायतों में जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों के अलावा नल-जल योजना, पक्की गली-नाली योजना तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित कार्यों की निगरानी और संचालन करेंगे।
बीडीओ सिंपी कुमारी ने बताया कि प्रखंड के रामसापुर, रुकुंदीपुर एवं जलालपुर पंचायतों में पंचायत सरकार भवन संचालित हैं। इसके अलावा अन्य पंचायतों में पंचायत भवन, किसान भवन तथा अन्य सरकारी भवनों में आरटीपीएस काउंटर खोले गए हैं, जहां कार्यपालक सहायक अपनी सेवाएं देंगे। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और पंचायत स्तर पर ही अधिकांश सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
योगदान के अवसर पर बीडीओ ने सभी नवपदस्थापित कार्यपालक सहायकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें नई ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।







